
कुसमी,,सड़क की बदहाली और ट्रकों से जाम की समस्या को लेकर कुसमी बचाओ संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन

✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर
कुसमी, 16 जुलाई। नगर पंचायत कुसमी के वार्ड क्रमांक 13 एवं 06 में जर्जर सड़क, बरसात के दौरान जलभराव तथा सड़क पर ट्रक खड़े कर माल लोडिंग-अनलोडिंग किए जाने से आम नागरिकों को हो रही परेशानी के विरोध में कुसमी बचाओ संघर्ष समिति ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत कुसमी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
समिति ने ज्ञापन में बताया कि दोनों वार्डों की सड़क कई स्थानों पर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बरसात के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है और आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि नसरुल्ला के घर के समीप स्थित रमेश सेठ के गोदाम में बड़े ट्रकों के माध्यम से सड़क पर ही माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग की जाती है। इससे सड़क लंबे समय तक अवरुद्ध रहती है, जिससे वार्डवासियों और राहगीरों को परेशानी होती है। समिति ने बताया कि स्थानीय निवासी राकेश सहित अनेक लोग प्रतिदिन इस समस्या से प्रभावित हो रहे हैं।
कुसमी बचाओ संघर्ष समिति ने नगर पंचायत से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 13 एवं 06 की जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरा जाए, वर्षा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए तथा सड़क पर ट्रक खड़े कर माल लोडिंग-अनलोडिंग पर रोक लगाकर इसके लिए वैकल्पिक स्थान निर्धारित किया जाए।
समिति ने संबंधित अधिकारियों से स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग करते हुए विश्वास जताया है कि नगर पंचायत जनहित में शीघ्र निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करेगी।
