कुसमी,,मां पर कुदाली से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पुत्र गिरफ्तार, कुसमी पुलिस ने भेजा जेल।

Samwad Chhattisgarh

✍️✍️संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍️✍️

मां पर कुदाली से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पुत्र गिरफ्तार, कुसमी पुलिस ने भेजा जेल


घरेलू विवाद के दौरान मां के सिर पर किए दो-तीन वार, गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती; एफएसएल टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

कुसमी। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान एक पुत्र ने अपनी ही मां पर कुदाली (कुदरा) से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने मां के सिर पर दो से तीन बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों की सहायता से घायल महिला को डायल 112 के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया गया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुसमी पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

       घर में लिपाई-पोताई के दौरान हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना दिनांक 31 अक्टूबर 2026 की है। थाना कुसमी क्षेत्रांतर्गत ग्राम डायनटोली निवासी बिफती उरांव पति मंगल उरांव, उम्र 55 वर्ष, अपने घर में लिपाई-पोताई का काम कर रही थीं। इसी दौरान उनके पुत्र गोविन्द बेक ने किसी घरेलू बात को लेकर मां से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने घर में रखे छोटे कुदाली (कुदरा) को उठाकर अपनी मां के सिर पर जान से मारने की नियत से दो-तीन बार वार कर दिया।

अचानक हुए हमले से महिला गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने सहायता करते हुए डायल 112 को सूचना दी। इसके बाद घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लाकर उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

   एफएसएल टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना के संबंध में पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कुसमी में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 99/2026, धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने एफएसएल सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान घटनास्थल से खून लगी मिट्टी और साधारण मिट्टी को साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया। वहीं आरोपी के कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त कुदाली को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर जेल दाखिल

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी गोविन्द बेक, पिता स्वर्गीय मंगल बेक, उम्र 28 वर्ष, निवासी रामनगर, थाना कुसमी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद दिनांक 1 नवंबर 2026 को आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

घरेलू विवाद में अपनी ही मां पर जानलेवा हमला किए जाने की इस घटना से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। कुसमी पुलिस द्वारा मामले में साक्ष्य संकलन एवं विवेचना की कार्रवाई की गई है।

प्रकरण विवरण: थाना कुसमी, अपराध क्रमांक 99/2026, धारा 109(1) BNS।

Share This Article
error: Content is protected !!