✍🏻✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻✍🏻

कुसमी,दुर्गा पूजा को लेकर कुसमी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने दिए शांतिपूर्ण आयोजन के निर्देश

कुसमी। दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर कुसमी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, सुरक्षा व्यवस्था और डीजे सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता एसडीएम कुसमी बालेश्वर राम, एवं एसडीओपी कुसमी, सहित नायब तहसीलदार अनुग्रह केरकेट्टा , थाना प्रभारी सुभाष कुजूर की मौजूदगी में की गई। अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और श्रद्धा का पर्व है, इसलिए सभी समितियां एवं नगरवासी आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
भारी वाहनों के लिए तय होगा रूट
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान नगर में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए भारी वाहनों के आवागमन के लिए रूट डायवर्जन पर चर्चा की गई। तय व्यवस्था के अनुसार भारी वाहनों को कंजिया चौक से कुम्हारपारा मार्ग से आवागमन कराया जाएगा, ताकि मुख्य पूजा स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
वहीं अंबिकापुर रोड पर स्वागत गेट के पास बैरिकेडिंग किए जाने की बात कही गई। प्रशासन की ओर से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार यातायात को नियंत्रित करने की व्यवस्था की जाएगी।
डीजे और साउंड सिस्टम की आवाज पर भी चर्चा
शांति समिति की बैठक में डीजे एवं साउंड सिस्टम को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान ध्वनि व्यवस्था निर्धारित मानकों एवं प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप रखी जाए। तेज आवाज में डीजे बजाने से आम लोगों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों एवं मरीजों को परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने की अपील की गई।
नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक में शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारी दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी रखी जाएगी।
प्रशासन ने दुर्गा पूजा समितियों से भी अपील की कि वे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें।
गणमान्य नागरिकों ने दिए सुझाव
बैठक में नगर के विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे। सभी ने दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन को सहयोग देने की बात कही।
इस अवसर पर पूर्व जनपद उपाध्यक्ष जन्मजय सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय जायसवाल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष आनंद जायसवाल, वार्ड पार्षद पारसनाथ पाल (पारे), बालेश्वर नायक, एमडी आजाद, एमडी शमीम, जगमोहन सोनवानी, वार्ड नंबर११ बृजकिशोर,कीरता राम, राकेश भारती, शिवनाथ गुप्ता ,अरुण ठाकुर, प्रदीप गुप्ता , सफीक शेख,सहित बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने सभी नगरवासियों से अपील की कि दुर्गा पूजा पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
