✍️✍️संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏿✍🏿

2 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने के आदेश के विरोध में पेंशनर्स महासंघ का प्रदर्शन, आदेश की प्रतियां जलाकर जताई नाराजगी

दस माह के एरियर्स सहित जनवरी 2026 से महंगाई भत्ता देने की मांग, जिलाध्यक्ष अनिल सिन्हा के नेतृत्व में जुटे पेंशनर्स।

कुसमी (बलरामपुर)। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़, जिला बलरामपुर द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के महंगाई भत्ता संबंधी आदेश के विरोध में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को कुसमी के दुर्गा चौक में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। महासंघ के प्रांताध्यक्ष के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में जिलेभर के पेंशनर्स शामिल हुए। इस दौरान शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आदेश की प्रतियां जलाकर अपनी नाराजगी जाहिर की गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अनिल सिन्हा ने किया। पेंशनर्स की प्रमुख नाराजगी इस बात को लेकर रही कि शासन द्वारा जनवरी 2026 से देय महंगाई भत्ते को नवंबर 2026 से केवल 2 प्रतिशत की दर से लागू करने का आदेश जारी किया गया है। पेंशनर्स का कहना है कि उन्हें जनवरी 2026 से मिलने वाले महंगाई भत्ते का लाभ दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही जनवरी से अक्टूबर 2026 तक के लंबित दस माह के एरियर्स का भुगतान भी किया जाना चाहिए।
दुर्गा चौक कुसमी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पेंशनर्स ने एकजुट होकर शासन के फैसले के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा शासन की सेवा में समर्पित कर चुके हैं। ऐसे में महंगाई के इस दौर में पेंशनर्स को उनके देय महंगाई भत्ते से वंचित रखना उनके साथ न्यायसंगत नहीं है। पेंशनर्स ने शासन से मांग की कि महंगाई भत्ते के भुगतान के संबंध में जारी आदेश पर पुनर्विचार करते हुए जनवरी 2026 से इसका लाभ दिया जाए तथा लंबित एरियर्स का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक विनोद सिन्हा ने की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अनिल सिन्हा ने उपस्थित पेंशनर्स को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती एकजुटता में है। सभी पेंशनर्स को अपने अधिकारों और जायज मांगों के लिए संगठित रहना होगा। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स महासंघ समय-समय पर केंद्र एवं राज्य शासन के समक्ष सेवानिवृत्त कर्मचारियों की उचित मांगों को प्रमुखता से उठाता रहेगा और उन्हें लागू कराने के लिए निरंतर प्रयास करेगा।
उन्होंने उपस्थित सदस्यों से संगठन को मजबूत बनाने तथा पेंशनर्स की समस्याओं को सामूहिक रूप से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में पेंशनर्स ने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता प्रदर्शित करते हुए शासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई।
इस एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष अनिल सिन्हा, सेवानिवृत्त शिक्षक विनोद सिन्हा, दीनानाथ जायसवाल, वीरेंद्र सिंह, सत्यनारायण सिंह, रमेश पांडेय, गुप्ता प्रसाद गुप्ता, लखपति बाई, शंकर राम, भैया लाल, मुनेश्वर राम, छेदी लाल सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

