कुसमी जसपुर मार्ग गलफुल्ला नदी के पुल के दोनों ओर सड़क बही, धनेशपुर में पेटा नाला की पुलिया क्षतिग्रस्त; आवागमन प्रभावित

Samwad Chhattisgarh

मूसलाधार बारिश से कुसमी-जशपुर मार्ग बंद, आने जाने वालों को भारी परेशानी,हर बार बारिश में खराब रहती है इस पुल की स्थिति हर बार हमेशा बनी रहती है खतरा लेकिन विभाग मौन।

गलफुल्ला नदी के पुल के दोनों ओर सड़क बही, बीच में बड़े बड़े गड्ढे जर्जर स्थिति में जसपुर सड़क का पुल,धनेशपुर में पेटा नाला की पुलिया क्षतिग्रस्त; आवागमन प्रभावित

धनेशपुर सोनपुर पोंडीपा कुसमी मार्ग पेटा नाला का पुल धंसा आवागमन हुई बाधित लोग परेशान और संबंधित अधिकारी मौन।

✍🏻संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻

बलरामपुर/कुसमी। पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते कुसमी क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर बाढ़ का पानी पुल-पुलियों के ऊपर से बहने के कारण सड़क एवं पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कुसमी-जशपुर मुख्य मार्ग पर गलफुल्ला नदी के पुल के दोनों ओर सड़क का हिस्सा कट जाने से बुधवार को दिनभर आवागमन प्रभावित रहा।

वहीं ग्राम धनेशपुर में पेटा नाला पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त होने से कई गांवों का संपर्क टूटा ब्लॉक मुख्यालय कुसमी से प्रभावित हो गया है

कुसमी,,गलफुल्ला नदी के पुल पर पांच फीट ऊपर बहा पानी


कुसमी-जशपुर मार्ग पर कुसमी सीमा से लगे गलफुल्ला नदी के पुल के ऊपर बुधवार सुबह करीब छह बजे बाढ़ का पानी लगभग पांच फीट ऊपर बह रहा था। तेज बहाव के कारण पुल से होकर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। दोपहर करीब तीन बजे तक पुल के ऊपर पानी का तेज बहाव जारी रहा, जिसके चलते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

दोपहर बाद जब पानी पुल के नीचे उतरना शुरू हुआ, तब भी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। बाढ़ के तेज बहाव से पुल के दोनों ओर सड़क का बड़ा हिस्सा कटकर गहरी खाई में तब्दील हो गया, जिसके कारण वाहनों का आवागमन संभव नहीं हो पाया।

जशपुर जाने वालों को करना पड़ा अतिरिक्त सफर

कुसमी-जशपुर मार्ग बाधित होने के कारण जशपुर की ओर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन चालकों को करीब 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करते हुए कटिमा मार्ग से होकर जाना पड़ा। मार्ग बंद होने से यात्री वाहन और अन्य वाहनों को भी परेशानी हुई।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस एवं लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। वहीं लोक निर्माण विभाग की टीम द्वारा देर शाम तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का कार्य कराया जाता रहा। विभागीय स्तर पर मार्ग को जल्द से जल्द आवागमन के लिए सुरक्षित बनाने का प्रयास जारी रहा।

हर साल बारिश में क्षतिग्रस्त होता है गलफुल्ला मार्ग

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार गलफुल्ला नदी का यह पुल और इसके आसपास का सड़क मार्ग पिछले करीब 15 वर्षों से बारिश के दौरान बाढ़ की समस्या से प्रभावित होता रहा है। प्रत्येक बरसात में तेज बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण सड़क के कटाव की स्थिति निर्मित होती है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष अस्थायी मरम्मत के बाद आवागमन तो बहाल कर दिया जाता है, लेकिन इस जर्जर पुल की समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है। बताया गया कि पुल की लंबाई अधिक होने के कारण इसके निर्माण एवं स्थायी समाधान का कार्य सेतु विभाग के स्तर पर किया जाना है लेकिन बरसात निकलते ही विभाग रहती है मौन।

     धनेशपुर में पेटा नाला की पुलिया क्षतिग्रस्त

इधर ग्राम धनेशपुर में पेटा नाला पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनाई गई पुलिया भी तेज बारिश और बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के कई गांवों का आवागमन प्रभावित हुआ है जबकि एक वर्ष पहले ही हुई थी पुलिया क्षतिग्रस्त।

बताया जा रहा है कि पोड़ीपा, सोनपुर, बैगापारा, बांसडीह, बेंडोपानी, बड़ोकोना, तावरपानी, बरपानी और असनपानी सहित कई गांवों के ग्रामीणों को कुसमी ब्लॉक मुख्यालय आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि क्षतिग्रस्त पुलिया और सड़क की जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो आपात स्थिति में लोगों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है। खासकर मरीजों, स्कूली बच्चों और जरूरी काम से ब्लॉक मुख्यालय जाने वाले ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।

एसडीएम ने ग्रामीणों और वाहन चालकों से की सावधानी बरतने की अपील

कुसमी एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो ने समाचार के माध्यम से आसपास के ग्रामीणों, सवारी वाहन चालकों एवं भारी वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब तक क्षतिग्रस्त पुलिया एवं सड़क का मरम्मत कार्य पूरी तरह सुरक्षित तरीके से पूरा नहीं हो जाता, तब तक वाहन चालक बताए गए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।

एसडीएम ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि कुसमी-जशपुर मार्ग पर आवागमन के दौरान वाहनों को धीमी गति से चलाएं और सड़क की वर्तमान स्थिति को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो और आम जनता एवं वाहन सुरक्षित रह सकें।

    प्रशासन के सामने स्थायी समाधान की चुनौती

लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क और पुल-पुलियों के क्षतिग्रस्त होने से एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और स्थायी आवागमन व्यवस्था की जरूरत सामने आई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मार्गों एवं पुल-पुलियों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है।

फिलहाल लोक निर्माण विभाग और संबंधित विभागों द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत एवं आवागमन बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं ग्रामीणों से भी अपील की जा रही है कि तेज बारिश और बाढ़ के दौरान नदी-नाले या क्षतिग्रस्त पुल-पुलिया को पार करने का जोखिम न उठाएं।

Share This Article