सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का वास्तविक समाधान एवं ई-ऑफिस के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता और तेजी लाने के निर्देश।

Samwad Chhattisgarh

✍🏻संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर/

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का वास्तविक समाधान एवं ई-ऑफिस के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता और तेजी लाने के निर्देश

टीबी मुक्त भारतअभियान में जन भागीदारी बढ़ाने पर जोर।


सुग्घर छत्तीसगढ़ अभियान,जनगणना कार्य एवं विभागीययोजनाओं की भी हुई समीक्षा


डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश

जनदर्शन, जन शिकायत एवं पीजी पोर्टल के प्रकरणों के निराकरण पर विशेष निगरानी

बलरामपुर, 17 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने समय-सीमा के लंबित प्रकरण, जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, पीजी पोर्टल सहित शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विभिन्न विभागीय कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक योजना एवं कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाएं।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के लंबित एवं निराकृत प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिकायतों के निराकरण की स्थिति के साथ नागरिकों से प्राप्त फीडबैक की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों को केवल पोर्टल पर बंद करने तक सीमित न रखें, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत दिलाना सुनिश्चित करें। आवश्यकतानुसार संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का निरीक्षण करें और शिकायत का स्थायी समाधान करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग से एक ही प्रकार की शिकायतें बार-बार प्राप्त हो रही हैं, तो उनके मूल कारणों की पहचान कर कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार करें। उन्होंने निम्न रैंकिंग वाले विभागों को विशेष ध्यान देते हुए आगामी समीक्षा तक उल्लेखनीय सुधार लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराते हैं। इसलिए प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें साथ ही निराकरण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक प्राप्त कर यह सुनिश्चित किया जाए कि उसे वास्तव में राहत मिली है।
कलेक्टर ने जन चौपाल, जन शिकायत तथा पीजी पोर्टल पर लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा शिकायतों के निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
माय भारत पोर्टल पर 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के पंजीयन की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने 20 अगस्त तक अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन कराने के निर्देश दिए ताकि माय भारत से जुड़कर विभिन्न युवा गतिविधियों एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े अवसरों में भागीदारी करें।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने एग्रीस्टेक पंजीयन की प्रगति  तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे  की तैयारियों एवं कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने आज से प्रारंभ हो रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सर्वे कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वयं निक्षय मित्र बनकर अन्य लोगों को भी टीबी मरीजों के उपचार एवं पोषण सहयोग के लिए लोगों को प्रेरित करने कहा। साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए  विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉलेज के विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ते हुए उनके माध्यम से जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने की बात कही, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक टीबी की रोकथाम, जांच एवं उपचार संबंधी संदेश पहुंचाया जा सके।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने आंगनबाड़ी केंद्रों एवं छात्रावासों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन, बच्चों को निर्धारित सुविधाओं की उपलब्धता तथा पोषण आहार की गुणवत्ता एवं वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण रेडी-टू-ईट पोषण आहार उपलब्ध हो तथा इसकी गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए साथ ही छात्रावासों में भोजन, रहवास, स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर बनी रहें, सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित रूप से मैदानी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा किसी भी कमी की स्थिति में तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों से संबंधित सुविधाओं में निरंतरता और गुणवत्ता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने कार्यालयीन कार्यों में ई-ऑफिस प्रणाली के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि डिजिटल व्यवस्था से कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यों की गति बढ़ेगी। उन्होंने सभी विभागों को फाइल संचालन, पत्राचार एवं अनुमोदन की प्रक्रिया नियमित रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनगणना संबंधी प्रशिक्षण एवं निर्धारित प्रश्नावली से जुड़े कार्यों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण प्राप्त कर्मचारियों के माध्यम से निर्धारित कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान सहित विभागीय योजनाओं एवं अभियानों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने कहा।कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति का स्वयं निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा सभी अधिकारी आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आम नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराएं।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर श्री आर एस लाल, श्री चेतन बोरघरिया, श्री प्रमोद गुप्ता, सर्व अनुविभागीय अधिकारी (रा.), जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article