
बिलासपुर,,छत्तीसगढ़ के स्कूलों में दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र, भोजन मंत्र, गायत्री मंत्र एवं शांति मंत्र के निर्देश के खिलाफ अदालत का रुख करेगी रज़ा यूनिटी फाउंडेशन
रज़ा यूनिटी फाउंडेशन बिलासपुर के सदस्यों ने कोर्ट जाने का लिया निर्णय, लीगल टीम करेगी कानूनी कार्रवाई

✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर
बिलासपुर | दिनांक: 18 जून 2026
छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक संगठन रज़ा यूनिटी फाउंडेशन (RUFC) के बिलासपुर इकाई के सदस्यों एवं संगठन की लीगल टीम द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग के उस निर्देश पर गंभीर आपत्ति व्यक्त की गई है, जिसमें विद्यालयों में दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र, भोजन मंत्र, गायत्री मंत्र एवं शांति मंत्र जैसी गतिविधियों को शामिल करने की बात कही गई है।
संगठन के सदस्यों ने मामले पर विस्तृत चर्चा एवं कानूनी राय-मशविरा करने के बाद यह निर्णय लिया है कि यदि उक्त निर्देश को वापस नहीं लिया जाता है, तो इसे माननीय न्यायालय में चुनौती दी जाएगी। रज़ा यूनिटी फाउंडेशन का मानना है कि सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में किसी विशेष धर्म से संबंधित मंत्रों एवं धार्मिक गतिविधियों को लागू करना संविधान की धर्मनिरपेक्ष भावना तथा धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार से जुड़ा गंभीर विषय है।
इसी क्रम में 18 जून 2026 को संगठन के जिला अध्यक्ष रकीब अंसारी एवं फाउंडर सदस्य ताहिर हुसैन अंसारी ने जिला कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर उक्त निर्देश पर तत्काल रोक लगाने एवं शासन स्तर पर पुनर्विचार करने की मांग की।
रज़ा यूनिटी फाउंडेशन ने कहा है कि संगठन संविधान एवं कानून के दायरे में रहकर अल्पसंख्यक समुदाय के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा और आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा।
रज़ा यूनिटी फाउंडेशन (RUFC), छत्तीसगढ़ प्रदेश, दिनांक: 18 जून 2026
