✍🏻✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍🏻✍🏻

बलरामपुर,,यात्री बसों में निर्धारित किराए से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई!

बस संचालकों की बैठक लेकर शासन द्वारा निर्धारित किराया लेने एवं किराया सूची बसों में चस्पा करने के दिए निर्देश
यात्री बसों में शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक किराया वसूले जाने संबंधी लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज सरगुजा श्री दीपक कुमार झा (भापुसे)एवं पुलिस अधीक्षक, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज श्री वैभव बैंकर (भापुसे).के निर्देशन में एवं अति पुलिस अधीक्षक श्री विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आज दिनांक 10.09.2026 को यातायात शाखा, बलरामपुर में बस संचालकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला परिवहन अधिकारी श्री यशवंत यादव, यातायात प्रभारी श्री विमलेश कुमार देवांगन, रक्षित निरीक्षक, बलरामपुर द्वारा बस संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित यात्री किराया दरों की विस्तृत जानकारी दी गई। बस संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि यात्रियों से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित किराया दर के अनुसार ही किराया वसूल किया जाए तथा निर्धारित किराया दरों की सूची प्रत्येक यात्री बस में प्रमुख एवं स्पष्ट स्थान पर अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए, ताकि यात्रियों को किराए की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।
बैठक में शासन द्वारा निर्धारित किराया दरों के संबंध में बताया गया कि साधारण बस सेवा हेतु प्रथम 5 किलोमीटर की दूरी तक ₹8 प्रति यात्री तथा उसके पश्चात ₹1 प्रति यात्री प्रति किलोमीटर अथवा उसके भाग के लिए निर्धारित है।
डीलक्स/शयनयान कोच हेतु प्रथम 5 किलोमीटर की दूरी तक ₹8 प्रति यात्री तथा उसके पश्चात ₹3 प्रति यात्री प्रति किलोमीटर अथवा उसके भाग के लिए निर्धारित है।
बस संचालकों को निर्देशित किया गया कि यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूल न की जाए। निर्धारित किराए से अधिक वसूली संबंधी शिकायत प्राप्त होने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान बस चालक एवं परिचालकों को यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करने, यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा वाहन संचालन के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने, बसों को निर्धारित स्टॉप पर ही रोकने, बसों को अपने निर्धारित रोड पर संचालित करने एवं यातायात नियमों का पालन करने हेतु भी निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर बस संचालकों द्वारा क्षेत्र में बस संचालन के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं एवं कठिनाइयों को अधिकारियों के समक्ष रखा गया, जिन पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए यथासंभव समाधान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में बस संचालकों द्वारा भविष्य में निर्धारित किराए से अधिक वसूली संबंधी शिकायत की पुनरावृत्ति नहीं होने देने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।
