
नगर पंचायत कुसमी में फिट इंडिया कार्यक्रम का आयोजन, साइकिल रेसिंग, दौड़ और रस्साकशी में प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम

✍️✍️संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍️✍️
कुसमी। स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक फिटनेस और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर पंचायत कुसमी में फिट इंडिया अभियान के तहत विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साइकिल रेसिंग, दौड़ एवं रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और खेल भावना का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अनुविभागीय अधिकारी बालेश्वर राम , मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरविंद कुमार विश्वकर्मा एवं सहायक शिक्षा अधिकारी नंद कुमार गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रेसिंग एवं दौड़ प्रतियोगिता को रवाना किया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत कुसमी के उपाध्यक्ष आनंद जायसवाल, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अशोक सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष पति इंदर निकुंज, विनोद गुप्ता, अशोक गुप्ता, सीजे प्रजापति सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं छात्रावास के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान हाईस्कूल मैदान में जनप्रतिनिधियों और अधिकारी-कर्मचारियों के बीच रस्साकशी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। इस दौरान मैदान में उत्साह, उमंग और खेल भावना का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
समापन अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष आनंद जायसवाल एवं जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अशोक सोनी ने संबोधित करते हुए फिटनेस, नियमित व्यायाम और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है तथा ऐसे आयोजन युवाओं और विद्यार्थियों को शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी प्रतिभागियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं के संबोधन के बाद खेल गतिविधियों के समापन की घोषणा की गई। कार्यक्रम में सभी ने फिट रहने, नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

