
30 साल से फरार डकैती का स्थायी वारंटी गिरफ्तार, कुसमी पुलिस ने ऑपरेशन ईगल के तहत की कार्रवाई
1994 के डकैती मामले में 1997 में जारी हुआ था स्थायी वारंट, झारखंड के गुमला जिले से आरोपी गिरफ्तार कर न्यायालय अंबिकापुर में किया गया पेश
✍️✍️संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍️✍️
कुसमी/बलरामपुर। लंबे समय से फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन ईगल के तहत थाना कुसमी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डकैती के गंभीर मामले में करीब 30 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय अंबिकापुर में पेश किया है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज द्वारा स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन ईगल चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले की पुलिस फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में थाना कुसमी पुलिस ने थाना कुसमी के अपराध क्रमांक 17/1994, धारा 395 एवं 397 भारतीय दंड संहिता के तहत दर्ज डकैती के मामले में फरार स्थायी वारंटी प्रेमचंद्र, पिता पहल ब्रिजय, निवासी सुग्गा, थाना चैनपुर, जिला गुमला, झारखंड को गिरफ्तार किया।
उक्त मामले में न्यायालय द्वारा आरोपी के विरुद्ध 18 नवंबर 1997 को स्थायी वारंट जारी किया गया था। वारंट जारी होने के बाद से आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहा था। करीब तीन दशक से लंबित इस मामले में पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय अंबिकापुर में पेश किया गया। ऑपरेशन ईगल के तहत पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से फरार वारंटियों की धरपकड़ की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस द्वारा फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।

