✍️✍️ संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर ✍️✍️

कुसमी,,गोविंदपुर में भीषण सड़क हादसा: बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत

नशे की हालत में तेज रफ्तार से बाइक चलाने की बात आई सामने, टक्कर इतनी जबरदस्त कि दोनों ने घटनास्थल पर ही तोड़ा दम; पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कुसमी। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोविंदपुर में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल और यात्री बस के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जशपुर जिले के रहने वाले थे दोनों युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान जशपुर जिले के ग्राम कांची, थाना अस्ता निवासी नंशू बारगाह (पिता रमेश) तथा ग्राम चाटकपुर, थाना सन्ना निवासी रविराम (पिता सोहन राम) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी काम के सिलसिले में कुसमी आए हुए थे। काम निपटाने के बाद शाम के समय दोनों मोटरसाइकिल क्रमांक CG 39 F 7908 से अपने घर की ओर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान ग्राम गोविंदपुर के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही यात्री बस से जोरदार टक्कर हो गई। बस क्रमांक CG 15 EB 9986 झारखंड के गुमला से अंबिकापुर की ओर जा रही थी। प्रत्यक्ष रूप से सामने आई जानकारी के मुताबिक, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। वहीं दोनों युवकों के नशे की हालत में होने की बात भी बताई जा रही है। हालांकि, इन परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक संभलने का मौका भी नहीं पा सके। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर सिर के बल जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचने लगे।
कोटवार की सूचना पर पहुंची पुलिस, परिजनों को दी गई जानकारी
घटना की सूचना स्थानीय कोटवार द्वारा कुसमी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी भेजा।
पुलिस द्वारा मृतकों के परिजनों को भी फोन के माध्यम से हादसे की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में कुसमी पहुंचे। अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतकों के गृह ग्राम में भी शोक का माहौल व्याप्त है।
पुलिस जांच में हादसे के कारणों का होगा खुलासा
फिलहाल कुसमी पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों, वाहनों की गति तथा दुर्घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने के गंभीर खतरों को उजागर कर दिया है। थोड़ी सी लापरवाही किस तरह दो परिवारों की खुशियां मातम मे बदल गई गोविंदपुर की यह घटना इसका दर्दनाक उदाहरण बन गई है।

