✍🏻 संपादक जसीम खान संवाद छत्तीसगढ़ कुसमी बलरामपुर

शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ जामा मस्जिद अंजुमन कमेटी चुनाव, विजेताओं की हुई घोषणा

महुआडांड़ जामा मस्जिद अंजुमन कमेटी में रेहान अली निर्विरोध सदर निर्वाचित, सेक्रेटरी बने अब्दुल मतीन (गुड्डू), खजांची पद पर सुहेल अख्तर निर्वाचित

महुआडांड़ (लातेहार) महुआडांड़ स्थित जामिया नूरिया जियाउल इस्लाम जामा मस्जिद अंजुमन कमेटी के सदर, सेक्रेटरी एवं खजांची पद के चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गए। चुनाव के दौरान मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पूरे चुनाव की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मदरसा परिसर में मतदान सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक कराया गया। चुनाव समिति के अनुसार कुल 650 मतदाताओं में से 472 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो लगभग 72 प्रतिशत मतदान रहा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई और रात करीब 9:00 बजे चुनाव परिणाम की घोषणा की गई।
सदर पद के लिए प्रारंभ में तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन दो प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया। इसके बाद रेहान अली पिता- रहमत अली महुआडांड़ को निर्विरोध सदर निर्वाचित घोषित किया गया।
सेक्रेटरी पद के लिए दो प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला हुआ। इसमें इस्तियाक अहमद पिता- स्व. मसीर अहमद अम्बवाटोली तथा अब्दुल मतीन (गुड्डू), जरहाटोली मैदान में थे। कुल 472 मत पड़े, जिनमें 12 मत अमान्य (रिजेक्ट) घोषित किए गए। मतगणना में इस्तियाक अहमद को 144 वोट तथा अब्दुल मतीन (गुड्डू) को 316 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार 172 मतों के अंतर से अब्दुल मतीन (गुड्डू) विजयी घोषित किए गए।
वहीं खजांची पद के लिए खुर्शीद आलम पिता- स्व. मो. शमशुद्दीन डीपाटोली तथा सुहेल अख्तर पिता- स्व. मो. इब्राल डीपाटोली के बीच मुकाबला हुआ। इस पद के लिए भी कुल 472 मत पड़े, जिनमें 10 मत अमान्य घोषित किए गए। मतगणना में खुर्शीद आलम को 125 वोट तथा सुहेल अख्तर को 337 वोट मिले। इस तरह 212 मतों के बड़े अंतर से सुहेल अख्तर खजांची पद पर निर्वाचित हुए।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर फूल माला पहनाकर बधाई देकर अपनी खुशी का इजहार किया।
चुनाव प्रक्रिया को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में चुनाव समिति के सदस्य खुर्शीद अहमद, सफरुल खान, असलम खलीफा, सबीब खान, कमाल अहमद, खुर्शीद खान एवं शहीद खान सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चुनाव समिति ने सभी मतदाताओं, प्रत्याशियों एवं स्थानीय लोगों का शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से चुनाव संपन्न कराने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। पूरे चुनाव के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द का माहौल बना रहा, जिससे चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
